नूरपुर। डीएम द्वारा जिलाबदर किए गए दो बदमाश घर पर सोते मिले। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया है। इसके अलावा तीन वारंटी भी पकडे़ गए हैं। लूट में शामिल पांच बदमाशों पर गैंगेस्टर लगाई गई है।
थानाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव के अनुसार जिलाधिकारी ने राजा का ताजपुर के मोहल्ला छीपियान निवासी आबिद तथा ग्राम अब्दुल्लापुर दहाना निवासी इकबाल को दस सितंबर को जिलाबदर किया था। पुलिस जांच में उक्त दोनों गुरुवार की रात अपने घर पर सोते मिले। इसके अलावा अलग-अलग मामलों मे वांछित ग्राम दरियापुर निवासी दो भाई रोहताश व राजपाल तथा हल्दौर के मोहल्ला खेड़ा निवासी पवन को गिरफ्तार कर चालान किया गया है। 15 अगस्त को दिनदहाड़े चांदपुर मार्ग पर एक कार शोरूम स्वामी से 50 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरफ्तार पांच शातिर बदमाशों मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम पावटी निवासी समद, सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के ग्राम जदौड़ा जट निवासी मोहित उर्फ बहादुर, गुजरवाड़ा रविदास मार्ग देववंद निवासी दिलशाद, चांदपुर के मुहल्ला सराय रफी निवासी रियासत तथा स्योहारा थाने के गांव किवाड़ निवासी अनवार के पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है।
नूरपुर। गुरुवार की शाम को कस्बे के मुहल्ला हजरतनगर निवासी वकील अहमद का 13 वर्षीय पुत्र शाह आलम उर्फ मोनू स्कूल से घर आने के बाद अचानक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नही चला। छात्र के पिता की और से गुमशुदगी दर्ज करा दी गई है।
नूरपुर। गुरुवार की रात को अज्ञात चोर मोहल्ला यूसुफनगर निवासी लियाकत की पेट्रोल पंप के सामने खडी बुलैरों पिकअप गाड़ी चोरी कर ले गए। कार स्वामी ने चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।