बिजनौर। नए साल का जश्न मनाने औली जा रहे युवकों की कार नगीना मार्ग पर राख से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी, जिसमें तीन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सभी युवक नोएडा से कोटद्वार जा रहे थे। रास्ता भटकने पर नगीना मार्ग पर पहुंच गए थे।
नोएडा के सेक्टर 22 निवासी दीपक कैंथोला (30) पुत्र कैलाश कैंथोला, संदीप बलौदी (25) पुत्र गोपाला बलौदी, रोशन कैंथोला (30) पुत्र कैलाश कैंथोला, महेंद्र (30) पुत्र एसएस बिष्ट तथा सतीश राणा (28) पुत्र खचेडू निवासी सेक्टर 55 नोएडा साथियों के साथ औली में न्यू ईयर मनाने के लिए जा रहे थे। बाकी साथी दूसरी कार में सवार थे। शनिवार की रात सभी को कोटद्वार रुकना था। रात करीब साढे़ दस बजे सभी बिजनौर से कोटद्वार जाने वाले मार्ग से भटक गए और नगीना मार्ग पर उन्हाेंने कार दौड़ा दी। इसी दौरान परमार्थ फैक्ट्री के पास कार राख से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी, जिसमें पांचाें युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक, सतीश व संदीप को मृत घोषित कर दिया। चालक मौके पर ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवाें को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों के मुताबिक ट्रैक्टर ट्राली को खेत से बैक करते समय ये हादसा हुआ है। गंभीर रूप से घायल महेंद्र को नोएडा में भर्ती कराया गया है, जबकि रोशन का बिजनौर में उपचार चल रहा है।
मौत कर रही थी युवकों का इंतजार
दो कारों में सवार युवक औली में न्यू ईयर मनाने के लिए घर से निकले थे। मृतक युवकाें की कार में मीरापुर में पंक्चर हो गया, जिसे ठीक कराने पर दूसरी कार बिछड़ गई। बिजनौर में शास्त्री चौक चौराहे से नजीबाबाद मार्ग की ओर मुड़ने के बजाय ये कार लेकर नगीना मार्ग पर पहुंच गए। शायद इस मार्ग पर तीनों युवकों का मौत इंतजार कर रही थी। मृतक दीपक किसी बड़ी कंपनी में अधिकारी था तो संदीप एक कालेज में पढ़ रहा था। सतीश बिल्डर था। इनके केवल दीपक ही विवाहित था।
नए साल का जश्न मनाने निकले थे युवक
बिजनौर। नगीना रोड पर सड़क हादसे में मरे तीनों युवकों का ओली में नए साल का जश्न मनाने का कार्यक्रम था। दीपक व रोशन दोनों सगे भाई थे। रोशन कार चला था। कार में सभी मौज मस्ती करते जा रहे थे कार में मिली शराब की टूटी बोतलों से साफ हो गया कि नया साल मनाने की युवकों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। परिजनों का कहना है कि अगर दोनों कार साथ होतीं तो शायद हादसा टल जाता। दीपक अकेला विवाहित था और उसकी पत्नी को बच्चा होने बाला है। दीपक की मौत की सूचना पर पत्नी बेहोश हो गई। हादसे के बाद एक राहगीर ने कार से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी थी। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले ली है।