नजीबाबाद। मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं को रेलवे पुलिस बल ने खदेड़ दिया। दरअसल एक एसएलआर समेत महज दो कोच की ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी थी। गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्री इंजन पर भी सवार थे। ट्रेन छूटने पर यात्रियों ने हंगामा किया, तो आरपीएफ ने उन्हें स्टेशन से बाहर खदेड़ दिया।
बांदीकुई से ऋषिकेश जा रही पैसेंजर काफी विलंब से नजीबाबाद पहुंची। ट्रेन में एक एसएलआर समेत महज दो कोच लगे थे, जिन पर दो इंजन लगे थे। कोच यात्रियों से खचाखच भरे थे। आलम यह था कि यात्री शौचालय और कोचों के ज्वाइंट पर ही नहीं, बल्कि इंजनों पर भी बेतरतीब ढंग से सवार थे। ट्रेन नजीबाबाद पहुंचते ही आरपीएफ प्रभारी एमए रिजवी पुलिस बल के साथ पहुंचे और यात्रियों को इंजनों से उतारकर खदेड़ दिया। यात्रियों आकाश, पवन, रामपाल, लाखन, कमलदीप, लोकमन ने आरपीएफ प्रभारी को मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जाने की बात कही, लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। रेल यात्रियों की पुलिस बल से तीखी नोकझोंक भी हुई। ट्रेन चालक वीरेंद्र कुमार सिंह एवं गार्ड केएस मीणा ने ट्रेन में एकमात्र कोच लगने की बाबत कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।