बिजनौर। शादी का झांसा देकर एक युवक अपनी मंगेतर से दुष्कर्म करता रहा। शादी का दबाव बनाने पर युवक दहेज में महंगी बाइक और एक लाख रुपये की मांग पर अड़ गया। असमर्थता जताने पर रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित पक्ष ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है।
रिपोर्ट के अनुसार शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का रिश्ता चार मई 2012 को थाना किरतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी वकील से तय हुआ था। रिश्ते तय होने के दौरान युवती पक्ष ने वकील के परिजनों को कपड़े व गहने दिए थे। रिश्ता तय होने पर आरोपी युवक का शादी से पहले ही युवती के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान वकील ने अपनी मंगेतर को जल्द शादी करने का झांसा देकर उससे संबंध बना लिए। युवती ने जब जल्द शादी करने का दबाव बनाया तो उसके परिजनों ने शादी की तारीख 25 मार्च 2013 तय कर दी। आरोप है कि 28 फरवरी को वकील ने अपने परिजनों को युवती के घर भेजकर दहेज में महंगी बाइक और एक लाख रुपये की शर्त रख दी। युवती पक्ष ने इस पर असमर्थता जताई तो रिश्ता तोड़ दिया गया। बिरादरी के लोगों द्वारा समझाने के बावजूद वकील पक्ष शादी को तैयार नहीं हुआ। पीड़ित पक्ष ने पुलिस की मदद ली लेकिन पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी वकील व अन्य के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।