हल्दौर। हाइवे पर शनिवार शाम हुए हादसे में बाइक सवार महिला समेत चार लोगों की चीनी लदे ट्रक के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को मेरठ मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव सल्लाहपुर, हल्दौर निवासी शरीफ अहमद व गांव पाड़ला सिसौना, किरतपुर निवासी मेंहदी हसन (दोनों साले-बहनोई) शनिवार शाम शादी के कार्ड बांटने बाइक से निकले थे। वहीं, गांव बधावा, हल्दौर निवासी मनोज पत्नी संगीता और बेटे शिवम के साथ बाइक से ग्राम मुकरंदपुर में शादी में जा रहा था। हाइवे पर चीनी की बोरियां लदा ट्रक बिजनौर जा रहा था। गांव बिसाठ से आगे नहर पुल के पास दोनों बाइक सवारों ने ओवरटेक क ी कोशिश की। दोनों बाइक ट्रक की साइड में पहुंचीं तो अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक पलट गया। दोनों बाइकों पर सवार लोग ट्रक के नीचे दब गए। चीख पुकार पर राहगीरों एवं पुलिस ने ट्रक के नीचे दबे लोगों को किसी तरह खींचकर बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल बिजनौर लाया गया, जहां शरीफ अहमद, मेंहदी हसन और मनोज को मृत घोषित कर दिया गया। ट्रक सड़क के बीचोंबीच पलटने से हाइवे भी लगभग एक घंटा जाम रहा।
उधर, स्योहारा के सहसपुर में रोडवेज बस और बाइक की भिड़ंत में 22 वर्षीय सचिन की मौत हो गई।
वहीं नगीना में कोतवाली मार्ग स्थित बिजलीघर के सामने बोलेरो की चपेट में आकर चौकीदार मोहन सिंह की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। अफजलगढ़ में छोटा हाथी और ट्रक की टक्कर में छोटे हाथी में सवार मेघनाद की मौके पर ही मौत हो गई।