बिजनौर। कलक्ट्रेट में आमरण अनशन पर बैठे स्वामी ओमवेश की चौथे दिन हालत बिगड़ गई। ब्लड प्रेशर डाउन होने के साथ ही तेज बुखार भी आ गया। वजन घटने के साथ ही स्वास्थ्य में भारी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को ओमवेश को अनशन से उठाने पहुंचे अफसरों को किसानों ने खदेड़ दिया। तीखी नोकझोंक के बीच ओमवेश ने कहा कि चाहे प्राण चले जाएं, वह अनशन से नहीं उठेंगे।
एडीएम विनोद चौधरी, एएसपी सिटी संजय सिंह और सीओ सिटी राहुल मिठास ओमवेश को अस्पताल में भर्ती कराने अनशन स्थल पर पहुंचे तो किसान बिगड़ गए। किसानों ने साफ कहा कि किसी कीमत पर भी वह स्वामी को अनशन से नहीं जाने देंगे। किसानों ने अफसरों की टीम को खदेड़ दिया तथा ओमवेश को नहीं जाने दिया। ओमवेश ने भी अफसरों से कहा कि किसानों की मांगें पूरी हुए बिना वह अनशन से नहीं उठेंगे। डॉक्टरों ने ओमवेश के स्वास्थ्य में गिरावट बताई है।
वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप सोती, कोमल सिंह, महबूब अख्तर सिद्दीकी, पूरन सिंह और घनश्याम सिंह ने अनशन स्थल पर पहुंचकर स्वामी को समर्थन दिया। 11-11 किसान 24 घंटे के लिए अनशन पर बैठे। धरने पर किसान आदित्यवीर, बुद्घ सिंह प्रजापति, हुकम सिंह, धर्र्मेंद सिंह राणा, जयपाल सिंह, महेंद्र सिंह ,पुखराज सिंह, रामकरण सिंह, धर्मपाल सिंह, राकेश सिंह, मनोज कुमार, सुखदेव सिंह समेत तमाम किसान बैठे रहे।