धामपुर (बिजनौर)। गांव पुराना धामपुर में वृद्ध तौकीर की हत्या प्लॉट के पास कूड़ा डालने के विवाद में गोली मारकर की गई थी। पुलिस ने रिमांड पर लिए हत्यारोपी की निशानदेही पर तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
कोतवाल जीसी शर्मा के अनुसार विगत 27 नवंबर की देर शाम गांव पुराना धामपुर निवासी मोहम्मद तौकीर (65) की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। तौकीर के सीने में तीन गोली लगी थीं। मृतक के पुत्र ने इस मामले में गांव के ही इमरान और उसके दो सगे भाईयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इमरान ने वारदात के एक सप्ताह के बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पुलिस ने शनिवार को इमरान को रिमांड पर लेकर उससे घटना के बारे पूछताछ करते हुए उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया। कोतवाल ने बताया कि इमरान का प्लॉट तौकीर के प्लॉट के पास ही था। इमरान का आरोप है कि तौकीर उस जमीन पर कूड़ा डालता था। मना करने पर गालीगलौज करता था। इसी बात से नाराज होकर तौकीर की हत्या कर दी गई थी।