धामपुर। गांव नैंसीवाला में कुछ लोगों ने गांव के ही 20 वर्ष के युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। युवक 18 मार्च की शाम को जंगल घूमने को कह कर गया था। युवक का शव उनके ही खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पीएम को भेजा। मृतक के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
गांव नैंसीवाला के गौतम सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई योगेंद्र 18 मार्च की शाम को घर से यह कह कर जंगल गया था कि वह जंगल में घूमने को जा रहा है। रात को घर नहीं आया। 19 मार्च को जब उसे जंगल में तलाश किया तो उसका रक्त रंजित शव मिला। शव देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पीएम को भेजा। ग्रामीणों ने कहा मृतक का गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सूचना एएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को आरोपियों का पता लगा कार्रवाई करने की बात कही है।
गौरतलब है कि इंदिरा नगर कॉलोनी में करीब दो माह पहले मेडिकल स्टोर स्वामी विपिन की बदमाशों ने स्टोर पर 21 जनवरी की रात को गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपियों का पता लगा कार्रवाई नहीं कर सकी है। तीन माह पहले धामपुर शुगर मिल गेट के बाहर से चीनी से भरा ट्रक चोरी हो गया था। पुलिस ने जिला रामपुर के छह लोगों को गिरफ्तार कर इस मामले में उनका चालान किया, मगर पुलिस ट्रक सुराग लगाने में असफल है।