नजीबाबाद। फेसबुक और व्हाट्सअप पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी ने नगर की फिजा खराब कर दी। गुस्साए लोग एसडीएम और सीओ के आवास पर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद डबल फाटक क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने हापुड़ डिपो की बस और तहसीलदार राशिद अली खां की गाड़ी समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव किया। मुगलूशाह क्षेत्र में भी कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई। लोगों को काबू करने के लिए रात में आरएएफ को बुलाया गया। डीएम, एसपी ने भी फोर्स के साथ नगर में गश्त कर लोगों को शांत करने का प्रयास किया। नगर में फोर्स तैनात है, अफवाहों से रात भर लोग सहमे रहे।
एक युवक ने फेसबुक एवं व्हाट्सअप पर शुक्रवार को इस्लाम धर्म के विरुद्ध टिप्पणी की। भावनाएं आहत करने वाली नगर के ही एक युवक द्वारा की गई टिप्पणी की खबर फैलते ही शुक्रवार की देर शाम बड़ी संख्या में लोग एसडीएम व सीओ के आवास पहुंचे तथा कार्रवाई की मांग की। चेयरमैन मौअज्जम खां, अनीस सैफी, तसनीम सिद्दीकी, अकबर अली, सदरुद्दीन, हाजी लालू आदि की उपस्थिति में लोगों ने टिप्पणी करने वाले युवक को गिरफ्तार करने की मांग की। अधिकारियों ने लोगों को युवक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह शांत किया। पुलिस को युवक की तलाश में लगा दिया गया। उधर, कुछ देर बाद ही वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ की अफवाह फैल गई। इससे अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। बिजनौर से भी अधिकारी पल-पल की खबर लेते रहे। मुख्यालय से एएसपी सिटी कल्पना सक्सेना पुलिस और पीएसी को लेकर नजीबाबाद पहुंचीं। उन्होंने स्थिति के नियंत्रण में होने का दावा किया। देर रात तक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और दोनों समुदायों के प्रमुख लोग प्रदर्शनकारियों को शांत करने में जुटे थे। एहतियात के तौर पर नगर में फोर्स तैनात कर दी गई। देर रात डीएम भूपेंद्र एस चौधरी और एसपी सतेंद्र कुमार नजीबाबाद पहुंचे। उन्होंने पुलिस फोर्स के साथ नगर में गश्त कर लोगों को शांत किया। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दबिश दी जा रही हैं।