बिजनौर के नजीबाबाद में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक मथुरापुरमोर शाखा में कैश नहीं मिलने से गुस्साए उपभोक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कर्मचारियों को बाहर निकालकर बैंक पर ताला जड़ दिया। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक बैंक नहीं खुलने दिया। उपभोक्ताओं ने बैंक कर्मचारियों को भी अपने साथ धरने पर बैठाया। बाद में बैंक ने किसी तरह दो लाख रुपये नगदी की व्यवस्था कर उपभोक्ताओं को शांत किया। उधर, बडि़या में भी तालाबंदी कर रोष जताया गया।
बृहस्पतिवार को सर्व यूपी ग्रामीण बैंक मथुरापुरमोर शाखा पर पहुंचे उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह करीब 11 बजे तक जब बैंक से कैश नहीं मिला, तो उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शादियों से लेकर खेती और अन्य कामकाज के लिए पैसा नहीं मिल पा रहा है। काफी देर तक हंगामे और प्रदर्शन के बाद उपभोक्ताओं ने बैंक कर्मचारियों को बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी।
इसके बाद शुरू किए गए धरने में बैंक कर्मचारियों को भी बैठा लिया। धरने में चेतावनी दी गई कि कैश मिलने तक ताला नहीं खोला जाएगा। दोपहर करीब ढाई बजे तक तालाबंदी के बाद बैंक की ओर से दो लाख रुपये धनराशि की व्यवस्था की गई। इसके बाद ही उपभोक्ता धरने से उठे और बैंक का ताला खोला गया। प्रदर्शनकारियों में अवतार सिंह, डॉ.नरेंद्र पाल सिंह, गुरुदेव सिंह, भूपेंद्र सिंह, अरवेंद्र सिंह, अमरीक सिंह, पूर्व प्रधान दलवीर सिंह, हंसराज सिंह, जीत सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान और खाते धारक शामिल रहे।