उघैती (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम छिवऊ खुर्द में सोमवार सुबह एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। सूचना पर ग्रामीणों ने जैसे-तैसे युवक के शव को बाहर निकाला। परिजनों ने बताया कि युवक बीमार था। मिर्गी का दौरा पड़ने से तालाब में गिर गया था। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। दोपहर के समय उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्राम छिवऊ खुर्द निवासी पवन (25) पुत्र बलवीर सिंह सोमवार सुबह छह बजे सोकर उठा कि तभी उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया था। परिजनों के मुताबिक उन्होंने किसी तरह युवक के चेहरे पर पानी डाला। तब कहीं युवक होश में आया। काफी देर वह चारपाई पर लेटा रहा। उसके बाद खेत की ओर चला गया। एक घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि पवन गांव के बाहर तालाब में गिर गया है। परिवार वाले भागते हुए तालाब पर पहुंचे। तब तक गांव के दर्जनों लोग आ गए। उन्होंने युवक को तालाब से निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक युवक को काफी समय से मिर्गी के दौरे पड़ रहे हैं। सुबह वह तालाब किनारे शौच के लिए गया था। उसी समय वह तालाब में गिर गया था। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी और न ही उन्होंने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया। परिवार वालों ने दोपहर के समय युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।