चंदौली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि से नाराज विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सकलडीहा रोड तिराहे पर पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान केंद्र के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली और सरकार को छात्र विरोेधी बताया।
विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ता मंगलवार को प्राचीन मां काली मंदिर पर एकत्रित हुए और यहां से जुलूस के रूप में सकलडीहा रोड तिराहे पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की और पेट्रोलियम मंत्री के पुतले को आग के हवाले किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई की पर्यायवाची बन चुकी है। यह सरकार महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ाकर गरीबों का खून चूस रही है। महंगाई बढ़ने से छात्र वर्ग भी प्रभावित है। कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम जिस तेजी से बढ़ रहे हैं उससे यह साफ हो चुका है कि सरकार का तेल कंपनियों पर जरा सा भी नियंत्रण नहीं रह गया है। पेट्रो पदार्थों के दाम बढ़ने से आम आदमी पर सीधा असर पड़ रहा है। कहा कि ऐसी सरकार से जनता ऊब चुकी है। महंगाई कब और कैसे कम होगी, इस बारे में सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। रुपये की कीमत गिर रही है और प्रधानमंत्री इसे लेकर चिंतित नहीं हैं। कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और पेट्रोल व डीजल की बढ़ी कीमतें वापस नहीं ली गईं तो विद्यार्थी सेना अपने आंदोलन को और बढ़ाएगी। इस अवसर पर विकास कुमार, सागर सिंह, सरिता, वकील आदि उपस्थित रहे।