काशी वन्य जीव प्रभाग के चकिया रेंज एवं उड़ाका दल की टीम ने संयुक्त रूप से सोमवार की रात छापा मारकर बेलावर पहाड़ी से अवैध बोल्डर लादकर जा रहे ट्रैक्टर को पकड़कर सीज कर दिया। वहीं ट्रैक्टर को छुड़ाने के लिए पीछा कर रहे दो बाइक पर सवार चार लोगों को स्थानीय पुलिस मदद से पकड़कर वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया।
चकिया रेंजर ताराशंकर यादव ने बताया कि सोमवार की रात वनकर्मी डिप्टी रेंजर इमरान खां, वन दरोगा अखिलेश चौबे, वन रक्षक मुश्ताक खान, फिरोज गांधी, जेपी यादव, रामअशीष, जसवंत सिंह चकिया रेंज की पहाड़ियों की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बेलावर पहाड़ी से अवैध बोल्डर लादकर जा रहे ट्रैक्टर को देखकर उसे पकड़ने की कोशिश की। इसपर पत्थर माफियाओं ने वन विभाग का विरोध आरंभ कर दिया। इस स्थिति को भांपते हुए वन कर्मी ट्रैक्टर को शहाबगंज की ओर से लेकर चलने लगे लेकिन माफियाओं ने उनका पीछा नही छोड़ा। वन कर्मियो ने इसकी सूचना चकिया तथा इलिया पुलिस को दी। इस पर चकिया पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार बेलावर गांव निवासी बब्बल, हुस्लेआलम, कुर्बान और पुरानी चकिया निवासी सर्फूद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। ट्रैक्टर को चकिया रेंज कार्यालय लाकर वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में सीज कर दिया।