सपा अब पहले की तरह साइकल से चलने वाली पार्टी नहीं रही। यह अब डिस्को पार्टी हो गई है। यह बातें पूर्व सांसद अफजाल अंसारी ने मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के सतपोखरी गांव में बसपा प्रत्याशी तिलकधारी बिंद के समर्थन में आयोजित सभा में कहीं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को थाली में परोस कर सत्ता मिली, लेकिन अपनी अपरिपक्वता से अपने पिता को ही किनारे कर दिया। जनता अब उनके झांसे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाने के लिए जानबूझकर गधों पर चर्चा हो रही है। कहा कि मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो गधे से प्रेरणा लेते हैं। कहा कि केंद्र सरकार आरएसएस के संविधान को देश में चलाना चाहती है। इसके पूर्व सकलडीहा इंटर कालेज के मैदान पर बसपा प्रत्याशी उपेन्द्र सिंह गुडडू के समर्थन में सभा में अफजाल ने भाजपा व सपा को आड़े हाथों लिया। भाजपा को देश तो सपा को प्रदेश में लूटपाट करने का आरोप लगाया। कहा कि देश का नौ हजार करोड़ रुपये लेकर विजय माल्या व 12 हजार करोड़ ललित मोदी भाग गए और मोदी ने कालाधन लाने का वादा करके सिर्फ जनता को ठगने का काम किया है।