चित्रकूट। कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेने रविवार को उत्तर मध्य रेलवे के जीएम आलोक जौहरी और डीआरएम नवीन चोपड़ा ने जिले के कई स्टेशनों का दौरा किया। स्टेशनों पर भीषण गंदगी देखकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले में महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कुंभ मेले के लिए रेलवे प्रशासन सुविधाओं की बेहतरी की कवायद कर रहा है। पिछले दिनों से यहां आए दिन अधिकारी जायजा लेने आ रहे हैं। रविवार को जीएम आलोक चौधरी और डीआरएम नवीन चोपड़ा ने चित्रकूटधाम कर्वी के अलावा मानिकपुर, भरतकूप, शिवरामपुर स्टेशनों में मुआयना किया। लगभग सभी स्टेशनों पर साफ सफाई की बेहतरी न होने पर उन्होंने स्थानीय अधिकारियों की क्लास ली। इस मौके पर लोगों ने अधिकारियों से कर्वी रेलवे स्टेशन पर क्लर्कों और अधिकारियों पर यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार न करने की शिकायत की। लोगों का कहना था कि अक्सर ट्रेन आ जाती है और बुकिंग क्लर्क अपनी सीट से नदारद रहता है। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेले के दौरान जो ट्रेनें नई गुजरेंगी उनकी जल्द जानकारी दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए जीआरपी का विशेष दस्ता तैनात किया जाएगा। यात्रियों के ठहरने के लिए अस्थायी कैंप भी लगाए जाएंगे। स्टेशन पर बड़े वाहनों को रोकने के लिए बैरियर लगाए जाएंगे।