चित्रकूट। मुख्य विकास अधिकारी एमपी सिंह ने छह श्रमिकों की दो दिन की मजदूरी का भुगतान ग्राम रोजगार सेवक, ग्राम विकास अधिकारी और प्रधान के खाते से किए जाने के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि मस्टररोल में इन श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज नहीं की गई।
सीडीओ ने बताया कि उन्होंने सोमवार को पहाड़ी के डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम बालापुर खालसा में मनरेगा के तहत गया प्रसाद के खेत से अत्रिमुनि के खेत तक कराए जाए पुलिया निर्माण कार्य का मुआयना किया। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी किशोरी देवी, ग्राम रोजगार सेवक धीरेंद्र कुमार सिंह और सहायक विकास अधिकारी सांख्यिकी मुनेंद्र कुमार गुप्त मौजूद थे। उन्होंने बताया कि पाया गया कि वहां मौजूद श्रमिकों बलराम, मताबदल, नत्थूराम, रामनरेश, कृपाल, चुनकौना के पास मौके पर जाबकार्ड नहीं थे। मौके पर ई-मस्टररोल भी नहीं पाया गया। इससे सिद्ध हो रहा है कि 16 और 17 दिसंबर की मजदूरी का अंकन ई-मस्टररोल प्राप्त कर उसमें उपस्थिति दर्ज न करने के कारण भुगतान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कारण दोनों दिन की कुल मजदूरी 15 सौ का भुगतान ग्राम रोजगार सेवक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान बब्बू द्वारा निजी संसाधनों से किया जाएगा। उन्होंने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से इसका भुगतान प्रमाणपत्र भी उनके पास भेजने को कहा है।