चित्रकूट। जिला मुख्यालय के विकास के लिए अधिग्रहीत जमीन पर कब्जा कर बालू-क्रेशर डस्ट और गिट्टी रखने में एसडीएम कर्वी के आदेश पर तहसीलदार बीडी गुप्ता ने जांच की और सारा मैटेरियल सीज कर दिया गया। इस मामले में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के क्लर्क मुकेश सक्सेना के निलंबन की संस्तुति भी की गई है।
तहसीलदार बीडी गुप्ता ने बताया कि पिछले दिनों गढ़ीवा गांव में उप्र सरकार द्वारा जिला मुख्यालय के लिए जमीन अधिग्रहीत की गई थी। इस पर कुछ लोगों ने कब्जा शुरू कर दिया था और भवन निर्माण भी शुरू कर दिया था। तीन डंपर बालू, तीन डंपर क्रेशर डस्ट और एक डंपर गिट्टी गिरा दी गई थी। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने होने की वजह से इस पर एसडीएम वीके गुप्ता की नजर पड़ी और उन्होंने तहसीलदार कर्वी को मामले में जांच के लिए आदेशित किया था। तहसीलदार ने जांच के दौरान मामला सही पाए जाने पर मैटेरियल सीज कर दिया और जमीन को कब्जा करने के मामले में एआरटीओ के लिपिक मुकेश सक्सेना को सस्पेंड करने की संस्तुति भी जांच रिपोर्ट में की है।