चित्रकूट। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कार्यक्रम तय हो गया है। वह 19 जून को चित्रकूट इंटर कालेज में इंटर पास चयनित छात्र-छात्राओं को लैपटाप वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री बनने के बाद से अखिलेश का यह दूसरा चित्रकूट दौरा होगा। ऐसे में लोगों की आशाएं उनसे और जुड़ गई हैं। यहां यह बताना समीचीन है कि मुख्यमंत्री बनने के कुछ ही महीने बाद पिछले साल अक्तूबर में अखिलेश यहां आए थे और जिले की जनता को कई सौगातें दीं थीं। कई का क्रियान्वयन भी होने लगा, जिनमें हवाई पट्टी, मानिकपुर का तहसील का दर्जा, रामघाट का सुंदरीकरण और राजापुर में तुलसी स्मारक निर्माण आदि प्रमुख हैं। साथ ही जिले को बिजली कटौती से मुक्त करने की अपनी पूर्ववर्ती सरकार की घोषणा को फिर से लागू करना लोगों के लिए बड़ा तोहफा रहीं। कई दिनों से चर्चा चल रही थी कि जिले में लैपटाप वितरण के लिए मुख्यमंत्री फिर से यहां आ सकते हैं और इन अटकलों को शुक्रवार को तब आयाम मिल गया जब प्रशासन ने सीएम के दौरे की पुष्टि कर दी। तहसीलदार बीडी गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकाल आ चुका है पर अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं मिला है। वह यहां चित्रकूट इंटर कालेज में लैपटाप वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। तहसीलदार ने बताया कि अभी कर्वी तहसील के कुल 2759 और मऊ के 1726 बच्चों को लैपटाप दिया जाना है।
इनसेट -------------------
दिवंगत सपा जिलाध्यक्ष के घर जा सकते हैं सीएम
सीएम अखिलेश सिंह यादव के पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे स्व. राजबहादुर सिंह यादव के घर जाने के भी आसार हैं। इसकी वजह यह है कि राजबहादुर के इंतकाल के बाद आशा की जा रही थी कि सपा मुखिया के परिवार का कोई सदस्य तेरहवीं संस्कार तक परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचेगा पर ऐसा हुआ नहीं। ऐसे में राजबहादुर के पुत्रों ने मायूसी भी जताई थी। सपा के वरिष्ठ नेता श्यामाचरण यादव ने हालांकि पहले कहा भी था कि कोई न कोई आएगा। माना जा रहा है कि सीएम आएंगे तो यह कर्ज भी चुकता करेंगे।
इनसेट -------------------
हैलीपैड के लिए पुलिस लाइन को देखा
उधर, लैपटाप वितरण कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में चित्रकूट इंटर कालेज में बैठक हुई। इसमें विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने हैलीपैड के लिए पुलिस लाइन का भी मुआयना किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक आरडी चौरसिया के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।