चित्रकूट। शंकर बाजार चकरेही चौराहे में शुक्रवार की रात ट्रांसफार्मर फुंक जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों ने देर तक हंगामा काटा। उधर, बिजली विभाग के सूत्रों ने बताया कि ट्रांसफार्मर आने के बाद ही आपूर्ति सुचारु हो सकेगी और बांदा में भी इतनी क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं है।
बिजली कटौती मुक्त शहर होने के बाद भी यहां पर दिक्कतें जारी हैं। दिन में कई बार बिजली की आवाजाही से सपा सरकार की घोषणा पर सवालिया निशान भी लगने लगे हैं। जर्जर उपकरणों और तारों की वजह से लोड बढ़ने से आए दिन कहीं न कहीं की आपूर्ति बाधित होने की जानकारी मिलती है। शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे चकरेही चौराहे की अचानक बिजली गुल हो गई। ऐसे में लगभग पांच सौ घरों में आपूर्ति बाधित हुई। लोग सड़कों पर निकले तो पता चला कि ट्रांसफार्मर फुंक गया है। लोगों ने कई घंटे तक हंगामा काटा पर कोई फायदा नहीं हुआ। शनिवार को भी समाचार भेजे जाने तक लोग अंधेरे में रहने को विवश थे। उधर, इस संबंध में एसडीओ विनोद गंगवार का कहना था कि ट्रांसफार्मर मंगवा लिया गया है और देर रात या रविवार सुबह तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।