चित्रकूट। मंडलायुक्त अशोक दीक्षित ने रविवार को जिले के समग्र गांव कहेटामाफी और बालापुर खालसा में कराए गए विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सीसी रोड और संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य न पूरा होने पर अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी को बरसात बाद इसे पूरा करने के निर्देश दिए। जलनिकासी में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार से कहा। इसके अलावा उन्होंने स्वच्छ शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना, राशन आदि की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए। उन्होंने ग्रामवासियों से मिडडे मील के संबंध में कोई भी जानकारी जिला स्तर पर देने को कहा। ग्रामीणों ने शिकायत की कि पहाड़ी के खंड विकास अधिकारी गांव का भ्रमण नहीं करते। इस पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से इनको प्रथम चेतावनी दिए जाने और स्पष्टीकरण मांगे जाने को कहा। इस मौके पर विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।