सरैंया (चित्रकूट)। रैपुरा थाना क्षेत्र के कौबरा गांव में शनिवार की सुबह दो पक्षों में संघर्ष हुआ। घर के सामने ढोका गिराने के मामले ने तूल पकड़ लिया। एक व्यक्ति ने इस बीच गोली दाग दी जो एक युवक के बाएं हाथ में लगी है। उसे जिला अस्पताल से इलाहाबाद रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया है।
कौबरा गांव में सुनील कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को गांव के ही रामबाबू के घर में ढोका (पत्थर) गिराने से मना करने को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी। वह शनिवार की सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था कि रास्ते में रामबाबू और उसके लड़के बच्चा ने उसे रोका और गालीगलौज करते हुए उसे दौड़ा लिया। उसका कहना है कि रामबाबू अवैध तमंचा और बच्चा लाठी लिए था। उसके चिल्लाकर भागने पर चचेरे भाई राजेंद्र और पुरुषोत्तम बचाने दौड़े। इस बीच रामबाबू ने तमंचे से फायर कर दिया, जो राजेंद्र के बाएं हाथ में लगा। उसे जिला अस्पताल से इलाहाबाद ले जाया गया है। पुरुषोत्तम ने रामबाबू को पकड़कर तमंचा छीन लिया और रामबाबू भाग गया। उधर, इस संबंध में थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है और राजेंद्र के गोली लगी है। दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।