चित्रकूट। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बुधवार को जिले में धूमधाम से मनाया गया। ईदगाह और मसजिदों में नमाज अदा कर मुसलिम भाइयों ने अल्लाह से भाईचारा और मुल्क के सलामती की दुआ मांगी।
सुबह निर्धारित समय 9 बजे ईदगाह में मुफ्ती सलाहुद्दीन ने नमाज अदा कराई। कजियाना वाली मसजिद में हाफिज मुजीब ने 9.20 बजे और जामा मसजिद में मौलाना मो. रजा ने 9.30 बजे नमाज अदा कराई। इसके साथ तरौहा में डरियन टोला, फराशन टोला, नदी किनारे वाली मसजिद में नमाज अदा कराई गई। डरियन टोला में मौलाना शाकिब, नदी किनारे वाली मसजिद में मौलाना उबैद अली ने नमाज अदा कराई। मुफ्ती सलाहुद्दीन ने बताया कि कुर्बानी करना हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की सुन्नत है। अल्लाह फरमाता है कि मैं तो तुम्हारी नीयतों को देखना चाहता हूं। सुबह से ही ईदगाह में पुलिस और प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था रही। सांसद आरके पटेल, सदर विधायक वीर सिंह, पूर्व विधायक भैरों प्रसाद मिश्र, अनुज सिंह, साहबलाल द्विवेदी, बाराती लाल पांडे, पंकज अग्रवाल आदि के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मुसलिमों को त्योहार की बधाई दी। नमाज के बाद मुसलिम भाइयों के घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ जो तीन दिन तक जारी रहेगा। हबीब खान ने बताया कि छोटे जानवर बकरा, दुंबा में एक व्यक्ति के नाम और बड़े जानवर में सात व्यक्तियों के नाम से कुर्बानी कराई जाती है। हिंदू भाइयों ने मुसलिम भाइयों के घरों में जाकर त्योहार की बधाई दी, पकवान खाए।