चित्रकूट। जनपद में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय रामायण मेला को सुव्यवस्थित तरीके से कराने के लिए डीएम सुरेंद्र विक्रम ने बुधवार को बैठक ली। उन्होंने कहा समिति जल्द ही मेला के संबंध में बायलाज उपलब्ध कराए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला 27 फरवरी से 3 मार्च तक चलेगा। उससे पहले रामायण मेला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश करवरिया राष्ट्रीय रामायण मेला आयोजन कराए जाने के संबंध में बायलाज रजिस्ट्रेशन कार्यालय में उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अगर रामायण मेला समिति विभागों का सहयोग चाहती है तो बायलाज में पदेन पदाधिकारी, अधिकारी को सदस्य बनाए। बैठक में मेला के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि पांच दिवसीय रामायण मेला के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग से धनराशि प्राप्त होती है। इस पर जिलाधिकारी ने भारत सरकार से भी धनराशि प्राप्त किए जाने के लिए पत्र लिखने को कहा है। डीएम ने मेला में प्रदर्शनी आयोजन के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि एक स्पेशल ट्रांसफार्मर मेला परिसर में लगाए और विद्युत गड़बड़ी भी जांच ली जाए। उन्होंने साफ सफाई की व्यवस्था के लिए नगर पालिका को निर्देश दिया। परिवहन व्यवस्था के संबंध में उन्होंने सहायक संम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि टेंपो पर निर्धारित किराया अंकित होना चाहिए जिससे सवारियों को परेशानी न हो सके। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश को निर्देश दिए कि पूर्व की भांति मेला परिसर में एक चिकित्सा कैंप, एक एंबुलेंस खड़ी रहनी चाहिए। इसके साथ ही भोजन व्यवस्था की जांच के लिए भी टीम रहेगी। जलापूर्ति की व्यवस्था जल संस्थान करेगा। हैंडपंप पहले से दुरुस्त कराया जाए। प्रदर्शनी के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले की तरह प्रदर्शनी के स्टाल लगाए। डीएम ने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक जानकारी देने के लिए आधुनिक कृषि यंत्र लगाए। इसके अलावा मेला में पुलिस व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। बैठक में सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश, उप निदेशक कृषि जगदीश नारायण आदि लोग थे।