चित्रकूट। डीआरआई के प्रकल्प आरोग्यधाम सेमीनार हाल में गुरुवार को सक्षमता विकास कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें मौजूद वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से प्रायोजित उप्र और बिहार के अंतर्गत कार्यरत जन शिक्षण संस्थान के निदेशकों की यह कार्यशाला 23 मार्च तक चलेगी। इसमें कुलपति प्रो. नरेश चंद्र गौतम ने लीडरशिप, टीम बिल्डिंग और कम्यूनिकेशन पर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि नेतृत्व वही कर सकता है जिसे विषय का सम्पूर्ण ज्ञान हो। टीम बिल्डिंग पर उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों को उनकी योग्यता के हिसाब से कार्य दिया जाए। उद्यमिता विद्यापीठ की निदेशक डॉ. नंदिता पाठक ने कहा कि प्रत्येक मानव के अंदर हमेशा युवा दिल होना चाहिए। जिससे वह आगे बढ़ता है। उन्नति के नए रास्ते तलाशता है। डॉ0 वी मोहन कुमार ने प्रजेन्टेशन के माध्यम से लीडरशिप, टीम बिल्डिंग, कम्प्यूनिकेशन स्किल पर महत्वपूर्ण बिंदु निदेशकों के सामने प्रस्तुत किए। उन्होंने अपने प्रशिक्षण सत्र में निदेशकों को महत्वपूर्ण विषय जैसे आप कौन हैं, प्रशिक्षण क्यों चाहते हैं, समुदाय, समुदाय जागरूकता, समुदाय का सहयोग, समुदाय कैसे सहयोग करेगा और समुदाय की महत्वपूर्ण चुनौतियां पर अपने सुझाव दिए। इस मौके पर डॉ. रामलखन सिंह सिकरवार आदि लोग भी मौजूद रहे।