चित्रकूट। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी बी के तेवर कड़े रहे। सीसी रोड का मैटेरियल मानक के अनुरूप न पाने पर उन्होंने दुबारा बनवाने के आदेश तो दिए ही, साथ ही संबंधित सहायक अभियंता को निलंबित करने के आदेश दिए। इसके अलावा विकास भवन के निर्माण से संबंधित अभियंता को भी सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना नाली निर्माण के सड़क बनाने पर अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में विभिन्न योजनाओं और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समग्र गांवों को सभी योजनाओं से संतृप्त किया जाए। बताया कि लोक निर्माण विभाग निर्माण-1 के द्वारा समग्र गांवों में बनाई जा रही सड़कों की गुणवत्ता ठीक नहीं। बियावल गांव में भी ऐसा पाया गया। उन्होंने यहां की सड़क को पुन: बनवाने और संबंधित सहायक अभियंता को निलंबित करने के आदेश दिए। जिला कारागार के निर्माण की जानकारी देने को कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए परियोजना प्रबंधक राजकीय निगम से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश सीडीओ को दिए। निर्माणाधीन विकास भवन के निरीक्षण के दौरान कोई इंजीनियर न मिलने पर उन्होंने संबंधित इंजीनियर को तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश दिए। इसके अलावा समाजवादी पेंशन, स्वच्छ शौचालय, कूप निर्माण, सिल्ट सफाई, इंदिरा आवास, किसान क्रेडिट कार्ड आदि विभिन्न कामों और योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक किरण एस, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी एनपी सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।