चित्रकूट। समाजवादी पेंशन योजना के फार्म समाज कल्याण विभाग के आफिस में कर्वी ब्लाक के 70 फार्म जमा हुए हैं जबकि अंतिम तारीख 20 जून है।
रानी लक्ष्मी बाई पेंशन योजना को समाप्त कर प्रदेश सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना शुरू की है। इसके तहत 39,417 लाभार्थियों को पेंशन देने का लक्ष्य है। रानी लक्ष्मी बाई पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या 35,595 थी और जाहिर है कि कम से कम इतने लाभार्थियों को तो समाजवादी पेंशन देनी ही है लेकिन प्रगति संतोषजनक नहीं। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अभी तक कर्वी को छोड़कर बाकी विकास खंडों से एक भी फार्म जमा नहीं किया गया है और 20 जून में मात्र नौ दिन शेष हैं। पेंशन योजना के तहत लाभार्थी को पांच सौ रुपए प्रतिमाह दिए जाते हैं।
पूर्व जिलाधिकारी भी दे चुके हैं निर्देश
पूर्व जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी बी ने भी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि समाजवादी पेंशन योजना से संबंधी जनपदस्तरीय बैठक प्रत्येक सोमवार को मनरेगा की बैठक के साथ कराई जाए। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे विवरण अपने पास रखें कि किस ब्लाक से कितने आवेदन आए।
यह है कार्यक्रम
फार्म जमा करने की अंतिम तिथि-20 जून
जांच और स्थलीय सत्यापन-20 जुलाई
ग्राम पंचायत, नगर निकाय की सूची तैयार करने की तिथि- 31 जुलाई
सूची का प्रदर्शन, आपत्तियों का आमंत्रण- 7 अगस्त
ग्राम सभा, वार्ड कमेटी की खुली बैठक- 15 अगस्त
खंड विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी द्वारा सूची सत्यापन- 31 अगस्त
जनपदस्तरीय समितियों का अनुमोदन- 10 सितंबर
लाभार्थियों की अनुमोदित सूची की डाटा इंट्री और सर्वर पर अपलोडिंग- 30 सितंबर
लाभार्थियों की धनराशि खाते में भेजना-1 अक्तूबर
क्या कहते हैं अफसर
समाज कल्याण अधिकारी डीडी मुद्गल ने कहा कि सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देश हैं कि वे 20 जून का इंतजार न करें। इसके पहले ही जल्द से जल्द फार्म कार्यालय में जमा करें। सभी के फार्म में अकाउंट नंबर एवं बैंक आईएफएससी कोड जरूर होना चाहिए, जिससे इस योजना का क्रियान्वयन जल्द से जल्द हो सके।