चित्रकूट। उद्योग बंधु की बैठक में बिजली संकट का मुद्दा छाया रहा। व्यापारियों की समस्याएं दूर न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। अधिकारियों को व्यापारियों का सहयोग करने के निर्देश दिए। पिछली बैठक में की गई शिकायतों पर भी चर्चा की।
डीएम कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता कर रहीं जिलाधिकारी नीलम अहलावत ने व्यापारियों की समस्याएं दूर न होने पर नाराजगी जताई। जिला उद्योग केंद्र प्रभारी महाप्रबंधक दयाराम ने बताया कि 145 प्रार्थना पत्रों में दो आवेदन बैंक ने स्वीकृत कर दिए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि प्रदूषण अनापत्ति प्रमाण पत्र संबंधी कोई आवेदन लंबित नहीं है। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राम औतार यादव ने 50 आवेदनों में 2 इकाइयों को 32 लाख रुपये बैंक से स्वीकृत होने की जानकारी दी। कुछ व्यापारियों ने बैंकों में जन-धन योजना फार्म के कालाबाजारी की शिकायत की। इस पर डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक दिनकर सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता (विद्युत) सुनील चंद्र को चिल्लीमल पंप कैनाल दुरुस्त करने को कहा। बैठक में सीडीओ एनपी सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकुल अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, राहुल गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, उद्यमी मित्र सुभाष चंद्र साहू आदि उपस्थित रहे।