मऊ (चित्रकूट)। घर में सो रहे पिता-पुत्र को एक गांव से अगवा कर लिया गया। रविवार देर रात असलहाधारी बदमाशों ने बीड़ी मांगने के बहाने पिता-पुत्र को घर से बाहर बुलाया और अपने साथ लेकर चले गए। अपहृत के भाई ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है। वारदात से इलाके में दहशत है।
थानाक्षेत्र के बल्हौरा ग्रामसभा के पियरिया कलां में रविवार की रात लगभग तीन बजे अमृतलाल (36) पुत्र रामबहोरी के घर के दरवाजे पर दस्तक हुई। अमृतलाल की पत्नी बच्ची देवी ने बताया कि उसके पति ने दरवाजा खोला तो देखा कि कुछ लोग असलहे और लाठी-डंडे लिए खड़े हैं। इन लोगों ने उससे कहा कि जाड़ा लग रहा है, बीड़ी पिला दो। इस पर अमृतलाल बीड़ी निकालने लगा तभी दो लोग अंदर घुस आए। इन लोगों ने वहीं पर सो रहे अमृतलाल के पुत्र गुड्डू (14) को जगाया और बाहर निकाल लाए । बच्ची देवी के अनुसार, जब ये बदमाश पिता-पुत्र को साथ लेकर जाने लगे तो उसने शोर मचाया। इस पर पड़ोस में रहने वाले अमृतलाल के भाई लल्लूराम और अन्य ग्रामीण दौड़े लेकिन तब तक बदमाश जा चुके थे। बल्लूराम ने मऊ थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ मऊ एके कुलश्रेष्ठ और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। सीओ ने बताया कि मारकुंडी, मानिकपुर, मऊ, बरगढ़ और एंटी डकैती के अलावा उनकी अगुवाई में छह टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही अपहृतों का पता लगा लिया जाएगा। उनके अनुसार, अभी तक वारदात में किसी डकैत गिरोह के जुड़े होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।