पर्यटन स्थल के हिसाब से नहीं जिले की सड़कें
चित्रकूट। कमांडर संपतपाल के नेतृत्व में गुलाबी गैंग ने जिले की खराब सड़कों की मरम्मत के लिए उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। गुलाबी गैंग ने पर्यटन के नक्शे पर महत्वपूर्ण इस जिले की सड़कें मानक के अनुरूप बनवाने क ा अनुरोध किया है।
गुलाबी गैंग की चित्रकूट इकाई ने राज्यपाल को भेजे पत्र में बताया कि जिले की सड़कों की हालत खराब हो गई है। संपतपाल ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी धार्मिक महत्व को समेटे इस जनपद को सरकारी धन की लूट के लिए अभयारण्य मानते हैं। जनपद के बीच से ही राष्ट्रीय राजमार्ग 76 गुजरता है। इसकी दशा भी दयनीय हो चुकी है। सड़क के गड्ढे धान रोपने के लायक हो गए हैं। दोपहिया और चौपहिया वाहन अक्सर इन गड्ढों के चक्कर में दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। राजापुर लूप लाइन चौराहे से कई किलोमीटर तक कमासिन रोड भी गड्ढे में तब्दील हो गया। राजापुर से महुआ, ओझानगर से कमासिन, रैपुरा से देउधां, बेड़ीपुलिया से रामघाट तक की रोड बिलकुल खराब हो गई है। संपत ने कहा कि यह सड़कें जन सामान्य के लिए समस्या बनी हुई हैं। गुलाबी गैंग ने चित्रकूट की पर्यटन की महत्ता को देखते हुए सड़कों का निर्माण गुणवत्तापरक व मानक के अनुरूप कराने की मांग की है।