बरहज। बरहज क्षेत्र के विकास में एक और कड़ी जुड़ गई। क्षेत्र में मंडी समिति की मांग को विभाग से हरी झंडी मिल गई है। शीघ्र ही मंडी की प्रस्तावित जमीन का अधिग्रहण कर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
पिछले दस वर्षों से बरहज क्षेत्र में कृषि को बढ़ावा देने व किसानों के उपज को एक स्थान पर बेचने के लिए मंडी बनाने की मांग हो रही थी। विधानसभा के चुनाव में विधायक प्रेमप्रकाश सिंह के चुनावी घोषणा पत्र में मंडी समिति बनवाना प्रमुख रहा। पिछले तीन माह पूर्व, विधायक के भेजे गए प्रस्ताव पर विभाग ने कार्रवाई शुरू की। इसके लिए जिलाधिकारी ने तहसील के अधिकारियों से क्षेत्र में जमीन तलाशने के निर्देश दिया था। जिस पर नगर के एक व्यवसायी ने तहसील मुख्यालय के समीप गैस गोदाम के पास अपनी करीब दस एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव रखा। मंडी व प्रशासनिक अधिकारियों की संतुष्टि के बाद व्यापारी के जमीन पर मंडी बनना तय हो गया है। गुरुवार को जिले के मंडी समिति सचिव ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। सचिव बीके त्रिपाठी ने बताया कि भूमि क्रय करने के लागत का दस प्रतिशत 4 करोड़ रुपए विभाग ने आवंटित कर दिए हैं।