झांसी। अमर उजाला के नवोन्मेषक स्व. अतुल माहेश्वरी की पुण्य स्मृति में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता का सोमवार को शुभारंभ हुआ। ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने अतुल माहेश्वरी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। प्रतियोगिता में अंडर 17 व अंडर 19 वर्ग के एकल व डबल्स के खिताबी मुकाबले में लगभग दो सौ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि झांसी को खेल हब बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बुंदेलखंड की धरती को दद्दा ध्यानचंद जैसे महान खिलाड़ी ने आभूषित किया है। दद्दा को हॉकी का जादूगर कहा जाता है। खेल भावना के साथ खेलने वाला हर खिलाड़ी लक्ष्य के प्रति एकाग्रता लाकर अपने अंदर दद्दा ध्यानचंद की तरह जादू ला सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से देश को अच्छे खिलाड़ी मिलेंगे, स्व. अतुल माहेश्वरी को यह सच्ची श्रद्धांजलि है। सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि सुविधाओं के अभाव में झांसी में खेल का विकास नहीं हो पा रहा है। खेलों के विकास के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने अमर उजाला की खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की।