देवरिया। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा के बाद अब छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूजा सामानों की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी है। शहर के अलावा हर छोटे-बड़े चौराहे पर छठ पूजा के सामानों की दुकान सज गई है।
पिछले साल की अपेक्षा इस साल पूजा सामानों के दाम में काफी बढ़े हैं, लेकिन श्रद्धालुओं के आस्था के आगे महंगाई बौना साबित हो रही है। महिलाएं बाजार में आकर सामानों की खरीदारी कर रही हैं। इससे बाजार की रौनक भी बढ़ गई है। शहर के सिविल लाइंस, मालवीय रोड, स्टेशन रोड, रामनाथ देवरिया, मालवीय रोड, सीसी रोड, हनुमान मंदिर चौराहा, मोतीलाल रोड, जलकल रोड, साकेतनगर आदि अन्य बाजारों और चौराहों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े चौराहों पर पूजा सामग्री की दुकानें सजीं हैं। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है। भीड़ को देखते हुए दुकानदारों ने सामानों के दामों में वृद्धि कर दी है। हालत यह है कि एक ईख दस रुपये में बिक रहा है।