देवरिया। आपराधिक घटनाओं और छेड़खानी को रोकने के लिए पुलिस सतर्क हो गई है। शहर के प्रमुख चौराहों पर सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसमें लोगों की हर गतिविधियां कैद होती रहेंगी। दो माह तक का रिकार्ड पुलिस के पास सुरक्षित रहेगा। स्कूलों और बैंक प्रबंधन से वार्ता कर पुलिस उन्हें क्लोज सर्किट कैमरा लगाने को कहा गया है।
अपराध नियंत्रण करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूल और वाहन चोरी वाली जगहाें पर सुरक्षा के तौर पर क्लोज सर्किट कैमरा लगाने का निर्णय लिया है। शहर के प्रमुख दस जगहों पर सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन, राघवनगर, हनुमान मंदिर रोड पर लगने हैं। सुरक्षा की दृष्टि से बैंक प्रबंधन को एटीएम के अंदर लगे कैमरों को ठीक कराने को कहा गया है। साथ ही साथ बैंक, कॉलेज और शहर के बडे़ कारोबारियों की दुकान के अंदर और बाहर हाई क्वालिटी कैमरे लगाने को कहा गया है। इन क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं को पुलिस बाद में खंगाल सके। घटनाओं के खुलासे में ये सीसीटीवी कैमरे काफी मददगार साबित होंगे। इस बाबत एसपी एलआर कुमार ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शहर के कुछ चौराहों को चिन्हित किया जा रहा है। बढ़ते अपराध को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। अन्य संस्थानों से कैमरे लगाने की बात कह दिया गया है।