बरहज। सूबे की सपा सरकार ने परिवहन निगम की बसों का रंग बदलने के बाद अब पूर्व बसपा शासनकाल में आंगनबाड़ी वर्करों की नीले रंग की साड़ी की बजाय अब हल्के हरे रंग की साड़ी पहनने का आदेश जारी किया है।
जनपद में यह आदेश आचार संहिता लागू होने के कारण लागू नहीं किया गया है। चुनाव समाप्त होते ही आंगनबाड़ी वर्करों के ड्रेस का रंग बदल जाएगा। बाल विकास परियोजना के तहत नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की तीन से छह साल तक के बच्चों की देखभाल और ककहरा की जानकारी देने वाली आंगनबाड़ी वर्करों को पूर्व की बसपा सरकार में उनकी पहचान के लिए यूनिफार्म साड़ी का रंग नीला था लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद नए शासनादेश के तहत यूनिफार्म का रंग नीले से अब हल्का हरे रंग की साड़ी पहनने का आदेश लागू किया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके सिंह ने बताया कि शासन से आदेश मिला है। भाटपाररानी में हो रहे उपचुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। चुनाव समाप्त होने के बाद सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों से शासन के आदेश का अनुपालन कराया जाएगा।