देवरिया। चुनाव की रंजिश में प्रधान पति ने अपने समर्थकों के साथ एक परिवार के लोगों की पिटाई की। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के धनौतीकला का है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार कर लाकअप में डाल दिया। उसके खिलाफ बलवा आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के धनौतीकला गांव निवासी केशव यादव की पत्नी ग्रामप्रधान हैं। चुनाव को लेकर गांव में कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही है। आरोप है कि केशव यादव पक्ष के लोगों ने किसी बात पर विवाद करके मदन यादव पक्ष के एक व्यक्ति को पीटकर घायल कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर मदन यादव के समर्थक उग्र हो गए और प्रधान के दरवाजे पर चढ़ गए। प्रधानपति केशव यादव के दरवाजे पर मौजूद कुछ लोगों ने ब्रजेश यादव, अशोक यादव, शकुंतला यादव, शारदा यादव, बृजेंद्र यादव को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच दोनों पक्ष से ईंट पत्थर चलने लगे। किसी ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बृजेश को गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस प्रधान पति को मौके से पकड़कर लाकअप में डाल दिया। कई नेताओं की पैरवी आने के बाद भी कोतवाल ने केशव यादव, राहुल यादव, मोहन यादव, जयराम यादव, सतेन्द्र यादव, उपेंद्र यादव के खिलाफ बलवा करने का केस दर्ज कर लिया है।