रुद्रपुर। नदी की तलहटी में जेसीबी से खुदाई के दौरान शनिवार को एसडीएम और एसओ एकौना ने एक को गिरफ्तार कर लिया। मौके से मिली जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है।
एकौना क्षेत्र के तिघरा मराक्षी बांध के हड़हा गांव और करहकोल घाट के बीच राप्ती नदी में खनन माफिया मिट्टी और बालू की खुदाई करवा रहे थे। इस क्षेत्र को बाढ़ विभाग ने डेंजर जोन घोषित कर खनन पर रोक लगा रखी है। बावजूद इसके शनिवार की दोपहर खनन माफिया यहां जेसीबी से खुदाई करवा रहे थे। किसी ने एसडीएम को सूचना दी। पुलिस के साथ उपजिलाधिकारी डॉ. आरडी पांडेय छापेमारी करने को पहुंचे। प्रशासन की गाड़ी देखते ही ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। जबकि जेसीबी चला रहा युवक गाड़ी के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसडीएम ने जेसीबी और मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली को एकौना थाने में बंद करा दिया। मौके पर पहुंचे बाढ़ खंड के अवर अभियंता एसएन पांडेय ने कहा कि नदी की तलहटी में खुदाई होने से बांध पर खतरा बढ़ सकता है। डेंजर जोन में खुदाई करना निषेध है। खनन माफियाआें के बारे में पता लगाया जा रहा है। डेंजर जोन में खुदाई कराने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।