रुद्रपुर। भरी पंचायत में करहकोल गांव में महिला को पीटकर उसकी बेटी को जिंदा जलाने के मामले में पुलिस अभी मुख्य आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। मुख्य आरोपी तीन दिनों से पुलिस को चकमा दे रहे हैं। घटना के दिन दो आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद शनिवार को पुलिस ने दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन मामले में मुख्य आरोपी जयहिंद और ग्राम प्रधान अखंड प्रताप सिंह अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस नामजद आरोपियों पर रासुका लगाने की कार्रवाई प्रारंभ कर चुकी है।
अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ द्विवेदी के नेतृत्व आरोपियों को गिरफ्तार करने में लगी पुलिस टीम ने ग्राम प्रधान और जयहिंद को पकड़ने के लिए शुक्रवार को पूरे जनपद की नाकेबंदी की। लेकिन दोनों पुलिस की नाकेबंदी तोड़ने में कामयाब हो गए। पुलिस के मुखबिर तंत्र के अनुसार ग्रामप्रधान और जयहिंद की मोबाइल से बात भी हो रही थी। वे पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराने जाने की बात बता कर चकमा देकर निकल गए। उधर, पुलिस ग्राम प्रधान को घेरने के लिए पोस्टमार्टम हाउस पर पहरा बैठाकर उसका इंतजार करती रही। छह आरोपियों में से फरार चल रहे दोनों आरोपी जनपद की सीमा पार कर चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि वे पुलिस की पकड़ में नहीं आना चाहते हैं। जबकि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर शाख बचाने में लगी है। एकौना थाना के नवागत थाना प्रभारी ब्रजेश यादव ने बताया कि छह नामजद आरोपियों में से होसिला, रामनेत, संजीत और कपिल की गिरफ्तारी हो चुकी है। संजीत और कपिल को घटना के दिन ही हिरासत में लिया गया था। जबकि होसिला और रामनेत शनिवार को रुद्रपुर कस्बे से गिरफ्तार किए गए। पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई शुरू कर दी है।