देवरिया। बंदर भगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत के बाद गांव में बवाल मच गया। नाराज परिवार के लोगों ने शुक्रवार की रात 7.30 बजे के करीब डीएम आवास पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिवार के लोगों की मांग थी कि पुलिस ने सिर्फ एनसीआर की कार्रवाई की थी। पुलिस से मिले आश्वासन के बाद सड़क जाम खोला गया। पुलिस ने धारा को तरमीन करने हुए आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया।
कोतवाली थानाक्षेत्र के बांकी सिंगही गांव में बंदर भगाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। इस मामले में गांव के रामबचन (70) गंभीर रुप से घायल हो गए थे। परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को उपचार के दौरान रामबचन की मौत हो गई। शव लेकर लोग घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस गांव नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार के लोगों ने गांव के धर्मेन्द्र और नथुनी गोंड के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस पहले मामले को टालने में लगी रही है। इसी दौरान गांव के लोग शव लेकर डीएम आवास पर पहुंचे और सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस के ऊपर गंभीर आरोप लगाते उन्होने कहा कि पुलिस ने मामले को कोई कार्रवाई नहीं की है। सूचना पर शहर कोतवाल फोर्स के साथ पहुंचे और गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने की बात कहकर जाम को खुलवाया।