देवरिया। दिवाली में शहरवासियों को मिलावटी मिठाई खपाने की तैयारी पर खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को पानी फेर दिया। टीम ने रोडवेज परिसर में बस से उतारकर रखे गए करीब साढ़े चार क्विंटल खोया (मावा) बरामद किया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कार्रवाई के लिए चालक और परिचालक के बारे में जानकारी मांगी है। सुबह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके त्रिपाठी को सूचना मिली कि रोडवेज बस के जरिए कानपुर से बड़ी मात्रा में मिलावटी खोया मंगाया गया है। वह खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत गुप्ता के साथ रोडवेज परिसर में पहुंचे तो नौ बोरियों में 4.5 क्विंटल खोया शौचालय के पास उतारकर रखा गया था। सभी खोया खराब स्थिति में देखकर टीम दंग रह गई। टीम ने खोया को कब्जे में ले लिया। उन्होंने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार को पत्र लिखकर कानपुर से खोया लाने वाले बस चालक और परिचालक के बारे में जानकारी मांगी है।
उन्होेंने कहा है कि उप्र राज्य परिवहन निगम के देवरिया स्थित बस स्टेशन परिसर में आने वाले कानपुर डिपो के बस कंडक्टरों और ड्राइवरों की ओर से मानव उपयोग के लिए खोया लाया जाया रहा है, जो खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की धारा 31 (1) का उल्लंघन है। इस कृत्य में छह माह के कारावास और पांच लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होेंने बसों के नंबर सहित बस कंडक्टरों और ड्राइवरों की सूची उनके निवास पता सहित उपलब्ध कराने को कहा है।