सलेमपुर। शराब के नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने शुक्रवार की शाम बाइक से जा रहे युवक को कुचल दिया। ट्रैक्टर में लगे हल से उसका एक पैर कट गया। उसके बाद चालक बस स्टैंड पर बाइक सवार को टक्कर मार दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर सहित शराबी चालक को हिरासत में ले लिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव का रहने वाला योगेन्द्र हल लगा ट्रैक्टर लेकर लार जा रहा था। अभी वह जमुआ पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा था कि रामपुर बुजुर्ग गांव निवासी बाइक पर जा रहे दीपक को चपेट में ले लिया। हल में उसका पैर फंस गया, जिससे उसका एक पैर कट गया। ट्रैक्टर लेकर भाग रहा चालक पिपरा नाजिर वार्ड निवासी बाइक सवार संदीप को भी टक्कर मार दिया।
राहगिरों के सहयोग से पुलिस ने ट्रैक्टर व चालक को हिरासत में ले लिया। आसपास के लोग घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक चालक पुलिस हिरासत में है।