देवरिया। शासन के निर्देश पर जिले के हड़ताली कर्मचारियों की कुंडली तैयार होने लगी है। जिला प्रशासन ने 473 हड़ताली कर्मचारियों की सूचना शासन को भेज दिया है। मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को 13 राज्य कर्मचारी हड़ताल में बढ़े हैं। हड़ताली कर्मचारियों पर शासन सख्त रुख अख्तियार करने वाला है। सरकार ने इन कर्मचारियों के खिलाफ अनिवार्य सेवा प्रबंधन कानून एस्मा के तहत कार्रवाई की बात कहा है। इसके लिए जिले के हड़ताली कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। इसमें विभाग और पद नाम का पूरा ब्योरा दिया जाना है। शासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने सभी विभागों से हड़ताली कर्मचारियों के बारे में जानकारी मांगी। सभी विभागों ने जिला प्रशासन को सूचना दे दी है। जिला प्रशासन को मिले ब्योरे में 473 कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने की पुष्टि हुई है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के 19 कर्मचारी शामिल हैं। मंगलवार को जिला प्रशासन ने 460 कर्मचारियों के हड़ताल पर होने की सूचना शासन को भेजा था। बुधवार को 13 और कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए हैं।