रुद्रपुर। बहुचर्चित करहकोल कांड में आरोपी तीन लोगों पर एकौना पुलिस ने पीड़ित महिला को धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया। बृहस्पतिवार को महिला ने एकौना पुलिस को तहरीर देकर हत्या के आरोपी तीन पर केस दर्ज कराई। करहकोल कांड के अभी दो आरोपी फरार चल रहे है।
पुलिस उनकी तलाश में लगी है। करहकोल गांव में 13 जून को पंचायत में महिला को पीटने और उसकी बेटी को जलाने के आरोप में सात लोगों पर हत्या और मारपीट का अभियोग दर्ज है। इनमें पांच आरोपी जमानत पर रिहा हो चुके हैं।
पीड़ित महिला ज्ञानमती ने पुलिस को तहरीर देकर बताई कि उसकी बेटी की हत्या के आरोप में जेल से जमानत पर रिहा रामहोसिला, संजीत और रामनेत ने उस पर मुकदमा उठाने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर उन लोगों ने महिला को जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस ने रामहोसिला, संजीत और रामनेत के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। हत्या और मारपीट के आरोपी दो लोग अभी फरार चल रहे हैं। मामले की विवेचना सीबीसीआईडी से पुलिस को हस्तांतरित होने के बाद करहकोल कांड एक बार फिर चरचा में है। एकौना थानाध्यक्ष शैलेंद्र राव ने कहा कि पीड़ित महिला की सुरक्षा को पुलिस मुस्तैद है। हत्या के आरोप में वांछित चल रहे ग्राम प्रधान अखंड प्रताप सिंह और रंजीत की तलाश जारी है।