रुद्रपुर। रुद्रपुर के फुटबाल प्रेमियों के लिए सुखद समाचार है। लंबे अंतराल के बाद रुद्रपुर में राज्यस्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। प्रतियोगिता के आयोजन का जिम्मा आजाद क्लब के वेटरन खिलाड़ियों ने अपने कंधे पर ली है। रविवार को फुटबाल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर पुराने खिलाड़ियों की रामजी सहाय पीजी कॉलेज में बैठक बुलाई गई। प्रतियोगिता के लिए दो लाख रुपये एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया। इसकी तैयारी के लिए समिति का गठन कर सबको जिम्मेदारी सौंपी गई। आयोजक समिति के अध्यक्ष एडवोकेट जन्मेजय मणि ने कहा कि फुटबाल रुद्रपुर का सबसे लोकप्रिय खेल रहा है। इसके कद्रदानों को वर्षों से प्रतियोगिता की कमी खल रही थी। इस खेल ने रुद्रपुर के कई खिलाड़ियों को ऊंचा मुकाम दिलाया। कुछ वर्षों से मैदान की दुर्गति और अन्य खेलों के प्रभाव से फुटबाल के खिलाड़ियों की प्रतिभा दबने लगी थी। उन्होंने कहा कि आजाद क्लब के पुराने खिलाड़ियों ने फुटबाल प्रतियोगिता की पुरानी परंपरा को फिर जीवित करने की जिम्मेदारी ली है। इस अवसर पर ओपी जायसवाल, सत्यकेतु चौहान, सुदामा प्रसाद, कमलाकांत, सीताराम चौरसिया, जयराम पासवान, प्रेम तिवारी और करुणेश त्रिपाठी आदि खिलाड़ी मौजूद रहे।