रुद्रपुर। 20 जनवरी से यूपी के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त एक्स-रे होने की घोषणा पहले ही दिन खोखला साबित हुई। उत्तर प्रदेश कैबिनेट के इस निर्णय का रुद्रपुर में अमल नहीं हुआ। सीएम ने 17 जनवरी को लखनऊ में हुई कैबिनेट की बैठक में इस निर्णय को लागू करने का आदेश दिया था। जबकि स्वास्थ्य महकमा लिखित आदेश ढूंढ रहा है।
नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक्स-रे कराने को 30 रुपया निर्धारित शुल्क लिया जाता है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में 17 जनवरी को मंत्री मंडल के विस्तार के दौरान 20 जनवरी से सरकारी अस्पतालाें में फ्री में एक्स-रे कराने की घोषणा की। उन्हाेंने स्वास्थ्य विभाग को कैबिनेट के इस निर्णय को कड़ाई से लागू करने को कहा। सोमवार को सीएचसी पर एक्स-रे मुफ्त की घोषणा लागू नहीं हो पाया। अस्पताल में एक्स-रे कराने पहुंचे नगर के जमुनी चौराहा के हेमंत कुमार, मांगा कोड़र के पड़ोही लाल, मदनपुर के मुरली मनोहर और गोविंद से 30 रुपया शुल्क लिया गया। जब उन्हाेंने एक्स-रे टेक्निशियन से सपा सरकार के फ्री घोषणा की बात की तो उसने लिखित आदेश नहीं मिलने की बात कही। टेक्निशियन नीरज मणि ने कहा कि अखबार में खबर पढ़ी गई थी, इस संबंध में कोई विभागीय निर्देश नहीं मिला है।