जाम से शहरवासियों को मिलेगी मुक्ति
शहर में घूमकर एसपी और अन्य अफसरों ने जाना यातायात का हाल
d अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सब कुछ ठीक रहा तो शहर की यातायात व्यवस्था चकाचक हो जायेगी। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बुधवार को शहर की गलियों में घूमकर यातायात व्यवस्था का हाल जाना। नगर पलिका और जिला प्रशासन के साथ मिलकर जाम से निपटने के लिए एक साझा कार्यक्रम बनाने की तैयारी शुरू हुई। इससे उम्मीद जगी है कि अब हररोज जाम से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। भ्रमण के दौरान उन्होंने कारोबारियो कोे सुरक्षा का भरोसा भी दिया। व्यस्त सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की बात कही। मालवीय रोड पर एक पिकेट की व्यवस्था की जायेगी। ताकि छोटी-छोटी घटनाओं को रोका जा सके।
एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा, एएसपी डीएन द्विवेदी, एसडीएम सदर दिनेश गुप्ता, एआरटीओ ओपी सिंह, सीओ नगर एनके सिंह मिलकर शहर भ्रमण पर निकले। एक साथ इतने अधिकारियों को देखकर लोगों को किसी अनहोनी की चिंता हुई। पर थोड़ी ही देर में स्थिति साफ हो गई। भटवलिया चौराहे से लेकर ओवरब्रिज तक अधिकारियों ने जाम का जायजा लिया। पुरवां चौराहे से कसया ओवरब्रिज होते हुए सभी अधिकारी मालवीय रोड पर पहुंचे। जहां आधी सड़क अतिक्रमण से पटी मिली। सड़क पर मिट्टी के ढेर और ईंट तो थे ही वाहन भी बीच सड़क में ही खड़े मिले।