रुद्रपुर। गृह कलह को लेकर एक महिला ने खुद को आग लगा ली। मां को जलते देख उसे बचाने के प्रयास में बेटा भी जल गया। बेटे की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं महिला की हालत गंभीर बनी है। घटना मदनपुर गोला में शनिवार को हुई।
गोला कस्बा के रहने वाली नागेश्वरी देवी और उसके बेटे गौतम में शनिवार की दोपहर किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। तकरार के दौरान गौतम शरीर पर केरोसिन उडे़लकर जान देने की धमकी देने लगा। बेटे को आग लगाने का प्रयास करते देख उसकी मां ने चूल्हे से जलती लकड़ी निकालकर खुद को आग लगा ली। महिला जलते हुए घर से बाहर निकल कर चिल्लाने लगी। मां के शरीर में आग लगी देख गौतम उसे बचाने को दौड़ा। वह मां के शरीर में आग को बुझाने का प्रयास कर रहा था कि इसी दौरान गौतम के शरीर को भी आग ने पकड़ लिया। मां बेटे को जलते देख मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोगाें ने किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में जले मां और बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में दाखिल होने के दो घंटे बाद युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं महिला की हालत भी दयनीय बताई जा रही है।