देवरिया। बचपन में गुजरात के वड़नगर रेलवे स्टेशन पर अपने पिता की चाय की दुकान पर काम करने वाले नरेंद्र मोदी आज देश की बागडोर संभालने जा रहे हैं। इस खुशी में शहर के एक चाय दुकानदार ने शनिवार के दिन लोगों को मुफ्त में चाय पिलाई और बधाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग चाय पीने के लिए दुकान पर जुटे थे।
शहर की जमुना गली में रामू ठाकुर चाय वाले ने बताया कि उसकी इच्छा थी कि यदि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनते हैं तो इस खुशी में वह एक दिन लोगाें को मुफ्त में चाय पिलाएगा। वह घड़ी आ गई। शुक्रवार को जब पता चला कि नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनना तय है तो उसकी खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। उसने अपनी इच्छा पूरी करने के लिए सुबह 22 लीटर दूध खरीदा। सुबह समय से उसने दुकान खोली और लोगों को चाय पिलाकर पैसा नहीं लिया। उसने लोगों से कहा कि मोदी की जीत पर वह मुफ्त में चाय पिला रहा है तो लोग दुकान पर जुटने लगे। दोपहर तक 450 लोगों को चाय पिला चुका था। शाम होते-होते 750 लोगों ने उसकी दुकान से चाय पी। उसने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से सबका भला होगा। वह मोदी का भाषण सुनकर प्रभावित हुआ है। इस दौरान अमित मोदनवाल, मनीष वर्मा, मुन्ना वर्मा, राजेश मद्धेशिया, विकास, निहाल आदि मौजूद रहे।