लखनऊ/देवरिया। राजकीय पॉलीटेक्निक के हॉस्टल में रहकर सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे देवरिया निवासी नवनीत यादव (18) ने शुक्रवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। उसका गर्लफ्रेंड से फोन पर झगड़ा हुआ था। वह वाराणसी में पढ़ रही थी। नवनीत ने गुस्से में फोन काट दिया। घबराई गर्लफ्रेंड ने नवनीत के रूममेट को फोन कर अनहोनी की आशंका जताते हुए उसके कमरे में भेजा। रूममेट व अन्य साथी कमरे में पहुंचे और दरवाजा तोड़ा तो सबके होश उड़ गए। नवनीत का शव फंदे से लटक रहा था। गाजीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
देवरिया के सबरेजी भाटपारानी निवासी नवनीत सिविल इंजीनियरिंग फर्स्ट ईयर का छात्र था। वह देवरिया के ही राकेश पटेल के साथ राजकीय पॉलीटेक्निक के नवीन छात्रावास के सेकेंड फ्लोर पर रूम नंबर 207 में रहता था। शुक्रवार सुबह राकेश क्लास अटेंड करने चला गया जबकि नवनीत हॉस्टल में ही रुका रहा। इंस्पेक्टर गाजीपुर अजीत सिंह चौहान के मुताबिक पौने दस बजे राकेश के मोबाइल फोन पर वाराणसी से नवनीत की गर्लफ्रेंड कॉल की। उसने पूछा, ‘क्या राकेश बोल रहे हैं।’ राकेश के हां कहने पर लड़की ने उससे कहा, ‘नवनीत गुस्से में है और मेरा फोन नहीं उठा रहा है। वो कुछ करने वाला है। जल्दी जाकर देखो।’ राकेश तुरंत शशिकांत, अमित व दो अन्य साथियों को लेकर हॉस्टल पहुंचा। नवनीत के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। कई बार पुकारने के बाद भी जवाब न मिलने पर छात्रों ने दरवाजा तोड़ दिया। भीतर राकेश को पंखे से लटका देख सबके होश उड़ गए। राकेश को नीचे उतारकर साथी लोहिया अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर गाजीपुर पुलिस मौके पर आ गई। दरोगा यूएन तिवारी ने बताया कि नवनीत ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। उन्होंने नवनीत के पिता राम आश्रय यादव को सूचना दे दी है। छानबीन के लिए पुलिस ने नवनीत का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। दरोगा ने बताया कि गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद नवनीत के आत्महत्या करने की आशंका जताते हुए पड़ताल की जा रही है। नवनीत के रूममेट और अन्य सहपाठियों से भी पूछताछ की जा रही है। उसके परिवार के लोग लखनऊ पहुंच रहे हैं।