सलेमपुर। जालसाजों ने झांसा देकर बुधवार को चार ट्र्रेन यात्रियों का 30,000 रुपये ले लिया। यात्रियों के शोर करने पर भाग रहे एक जालसाज को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि तीन भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस जालसाज से पूछताछ कर रही।
बिहार के विजयीपुर क्षेत्र के भरपुरवा गांव निवासी शिवनाथ के साथ गुजरात के सूरत में खामपार क्षेत्र के खैराट गांव निवासी अर्जुन, अनूप और पकड़ी गांव निवासी अभय तिवारी एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। चारों युवक सुबह 9:15 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन अप से सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे। ट्रेन से उतरने के बाद चारों युवक भाटपाररानी जाने के लिए हरैया जीप स्टैंड पर वाहन पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी बीच एक युवक ने रास्ते में सफेद रुमाल में एक साबुन लपेट कर जमीन पर गिरा दिया और शिवनाथ से रुपये गिरने की बात कही। यह सुनकर जेब में रखे अपने रुपये जैसे ही शिवनाथ ने बाहर निकाला वैसे ही तीनों युवक छीन लिए और भागने लगे। युवकों के शोर करने पर लोगों ने भाग रहे जालसाजों में से दो को भरौली वार्ड में दौड़ाकर पकड़ लिया और एक भाग निकला। पकड़ा गया एक जालसाज भी लोगों को चकमा देकर भाग गया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। ठगी के शिकार युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पकड़ा गया युवक बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले का रहने वाला है। इंस्पेक्टर रामअवतार यादव ने बताया कि युवक से पूछताछ चल रही है। इसके सहयोग से अन्य को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।