एटा। महंगाई से जूझ रहे लोगों खासकर गरीबों के लिए मंगल बाजार वरदान साबित हो रहा है। पड़े परिवार एवं छोटे बजट के लोग यहां से सस्ते कपड़े-जूते स्वेटर आदि खरीद रहे हैं। तो वहीं इन दुकानदारों को भी लाभ मिल रहा है।
ऊंची दुकानों पर चढ़ने से कतराने वाले गरीब ग्राहक मंगल बाजार का जमकर फायदा उठा रहे हैं। बाजार बंदी के दिन गांधी मार्केट में जमीन पर सजने वाली दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। बढ़ती ठंड ने यहां ग्राहकों की संख्या और बढ़ा दी है। यहां पहुंच रहे उपभोक्ताओं की मानें तो वे सस्ती चीजें खरीद कर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
तो वहीं फड़ लगाए बैठे दुकानदार भी इन दिनों हो रही बिक्री से राहत में हैं। इनका कहना है कि हफ्ते भर की बिक्री एक दिन में ही हो जाती है। बढ़ती मांग के चलते निकटवर्ती शहरों एवं बाहरी जनपदों के व्यापारी भी यहां फड़ लगा रहे हैं। शर्ट का फड़ लगाए मंगल सिंह बताते हैं कि इस बाजार से कम बजट वाले दुकानदारों को भी रोटी मिलने लगी है। घरेलू सामान विक्रेता अखिलेश कुमार का कहना है कि मंगल बाजार में हो रही बिक्री से वे उत्साहित हैं।
फुटवियर विक्रेताओं का कहना है कि जाड़ों के चलते लेडीज-जेंट्स शूज की मांग बढ़ी है। वे बताते हैं कि पीस पर लाभ भले ही कम है लेकिन अधिक बिक्री के चलते लाभ पूरा हो जाता है। इनका कहना है कि अब इस बाजार में गरीब ही नहीं स्तरीय ग्राहक भी आने लगे हैं।